Sagar - बहू की हत्या के बाद घर की दहलीज पर कुर्सी डालकर बैठ गया था ससुर, आरोपी को जेल भेजा
सागर के मकरोनिया के गायत्री नगर में बहू सविता की चाकू घोंपकर हत्या के मामले में आरोपी ससुर, रिटायर्ड एसआई रामनरेश दीक्षित को पुलिस ने जेल भेज दिया है। बुधवार को मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। मृतका का पति, बीएसएफ जवान देवेश, पश्चिम बंगाल से आ गया है। पुलिस उसके बयान लेगी। मृतका के भाई व मायके पक्ष के लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस मामले में आगे कार्रवाई कर सकती है।
मंगलवार की सुबह रामनरेश ने अपनी बहू की उसकी 4 साल की बेटी के सामने हत्या कर दी थी। सब्जी काटने वाले चाकू से बहू की गर्दन और पीठ पर पीछे से ताबड़तोड़ 8 वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सास ने बहू को उलाहना दिया था। दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने जेठ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। वारदात के बाद आरोपी ससुर ने दोनों हाथों के चाकू के घावों पर कपड़ा बंधवाया और घर के दरवाजे के पास कुर्सी रखकर बैठ गया था।
मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि सविता की छोटी बेटी मां को लहूलुहान देख बिलखती रही। आरोपी ससुर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करता रहा। बड़ी बेटी स्कूल गई हुई थी। मां की हत्या की सूचना मिलने पर वह घर लौट आई। मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पति के बयान होना बाकी हैं। मामले में सभी तथ्यों की जांच कराई जा रही है।