देर रात शराब पार्टी पर पुलिस का छापा! 200 से ज्यादा युवक-युवतियां मिलीं, आयोजक पर केस दर्ज
देर रात एक फार्म हाउस पर चल रही कथित शराब पार्टी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर छापा मारा, जहां 200 से ज्यादा युवक-युवतियां मौजूद मिले। जांच में आयोजन से जुड़े कई नियमों के उल्लंघन सामने आने के बाद पुलिस ने फार्म हाउस संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के इंदौर के शिप्रा क्षेत्र के एक फार्म हाउस में बिना आवश्यक सूचना और रिकॉर्ड के पार्टी आयोजित की जा रही थी। शिकायत मिलने पर एसपी राजेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम ने देर रात दबिश दी।
छापेमारी के दौरान फार्म हाउस में करीब 200 से अधिक युवक-युवतियां मौजूद मिले। पुलिस के मुताबिक, मौके पर कई लोग शराब के नशे में डांस करते दिखाई दिए। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि फार्म हाउस के कमरों में ठहरे लोगों का कोई रजिस्टर या पहचान संबंधी रिकॉर्ड नहीं रखा गया था। साथ ही, पार्टी के आयोजन की सूचना भी स्थानीय थाने को नहीं दी गई थी।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की पहचान और पूछताछ के बाद उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया। वहीं, नियमों के उल्लंघन, आवश्यक रिकॉर्ड नहीं रखने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने के आरोप में फार्म हाउस संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों और कानूनी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। बिना अनुमति या आवश्यक रिकॉर्ड के इस तरह के आयोजन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आयोजन में अन्य नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।