ताले तोड़कर लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े बदमाश, सूने मकान पर चोरों का धावा!
मध्यप्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवर, नकदी समेत करीब 5 से 6 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। यह घटना चोरहटा थाना क्षेत्र के करहिया नंबर-1 की है। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक 3 अगस्त को अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। अगले दिन सुबह पड़ोसियों ने घर के मुख्य दरवाजे और चैनल गेट का ताला टूटा देखा। उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी।
जब परिवार वापस घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोर तीन कमरों के ताले तोड़कर अंदर घुसे थे। अलमारी और बक्सों का सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और चोरी गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।