बाढ़ के बीच जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू, नर्मदा में कू दी महिला को युवकों ने बचाया!
एक बड़ा हादसा टल गया। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिला मुख्यालय के डिंडौरी-देवरा मार्ग स्थित बड़े पुल से एक महिला ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। महिला को डूबता देख कुछ साहसी युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाढ़ के तेज बहाव में छलांग लगाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक पुल की रेलिंग पार कर नर्मदा नदी में कूद गई। नदी में तेज बहाव होने के बावजूद वहां मौजूद युवकों ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित किनारे ले आए।
महिला को बचाने वालों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस के स्वयंसेवक योगेश कुमार भी शामिल थे। योगेश ने बताया कि वे शाखा से लौट रहे थे, तभी उन्होंने महिला को पुल से छलांग लगाते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत नदी में छलांग लगाई और अन्य लोगों की मदद से महिला का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बचाए जाने के बाद महिला भावुक हो गई और रोते हुए बताया कि वह पारिवारिक विवाद से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार महिला डिंडौरी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुकर्रामठ की रहने वाली है और बिना किसी को बताए घर से डिंडौरी पहुंची थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। महिला का भाई भी अस्पताल पहुंच गया है। कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस बीच, महिला की जान बचाने वाले युवकों के साहस की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।