Sagar-शराब ने छीनी मासूम की सांस! नशे में धुत पिता 3 साल के बेटे के लिए बना काल | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बंडा नगर से आई यह खबर हर मां-बाप को झकझोर देने वाली है। यहां एक तीन साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, और इस मौत की वजह शराब को माना जा रहा है।
घटना बंडा नगर के देवपुरा वार्ड की है। बताया जा रहा है कि देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत पिता पवन लोधी अपने तीन साल के बेटे के ऊपर गिर पड़ा। मासूम का दम घुट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस बच्चे की किलकारियां घर में गूंजनी चाहिए थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन लोधी अक्सर शराब पीकर घर आता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। हत्या के एंगल को भी नजरअंदाज नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि शराब की लत के उस भयावह सच को भी सामने लाती है, जो धीरे-धीरे पूरे परिवार को तबाह कर देती है। एक मासूम ने अपनी जान गंवा दी, और अब सवाल यही है— शराब की यह लत और कितनी जिंदगियां निगलेगी?