सागर- केंट में दो महिलाओं की मौत, दो पहुंचे अस्पताल, खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार गाड़ी
सागर शहर में एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से इतनी जोरदार टकराई कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सागर शहर के भैंस नाका चुंगी चौकी, राठौर बंगले के आगे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग धमाके जैसी आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में घायल चालक और एक अन्य व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस एवं पुलिस की सहायता से जिला चिकित्सालय, सागर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिला मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
फिलहाल मृतक महिलाओं की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी से वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। तेज रफ्तार और एक छोटी-सी चूक ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और सड़क पर खड़े वाहनों के पास विशेष सतर्कता बरतें।