सागर- टली MP की बस हड़ताल! सरकार ने मानीं बस ऑपरेटरों की 7 मांगें, यात्रियों ने ली राहत की सांस
मध्य प्रदेश के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 7 अगस्त की रात 12 बजे से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी बस हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। मध्य प्रदेश बस एसोसिएशन और राज्य सरकार के बीच हुई लगातार बैठकों के बाद बस ऑपरेटरों की सभी 7 सूत्रीय मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद एसोसिएशन ने अपनी प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा कर दी है। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश बस एसोसिएशन ने प्रदेश के 55 जिलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अपनी सात प्रमुख मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 7 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो पूरे प्रदेश में बसों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा।
इसी बीच पिछले पांच दिनों में परिवहन मंत्री के साथ चार दौर की चर्चा हुई। इन बैठकों में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आखिरकार 6 अगस्त की शाम सभी सात मांगों के निराकरण पर सहमति बन गई। मध्य प्रदेश बस एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन ने बताया कि सरकार द्वारा मांगों के समाधान के बाद अब 7 अगस्त की रात 12 बजे से प्रस्तावित बस हड़ताल स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सभी निजी बसें पहले की तरह नियमित रूप से संचालित होती रहेंगी और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
एसोसिएशन ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने बस संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक समाधान निकाला। हड़ताल टलने से सबसे बड़ी राहत उन लाखों यात्रियों को मिली है, जो रोजाना निजी बसों से सफर करते हैं। यदि हड़ताल होती, तो प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और मध्य प्रदेश में सभी बसों का संचालन पहले की तरह सुचारु रूप से जारी रहेगा। यात्रियों को अपनी यात्रा को लेकर किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।