सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल का स्कूल और सेंट्रलाइज किचन पर औचक निरीक्षण, मिड-डे मील चखा...
सागर में सरकारी स्कूलों में शिक्षा और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल एक्शन मोड में नजर आईं। गुरुवार को उन्होंने एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक शाला, सिंधी कैंप सुभाष नगर और शहर के सेंट्रलाइज किचन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ मिड-डे मील की गुणवत्ता खुद परखी, बल्कि छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई की स्थिति जानी और डिजिटल शिक्षा को लेकर भी अहम निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच की। संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों को शासन के मानकों के अनुसार पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद कलेक्टर कक्षाओं में पहुंचीं और छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। स्कूल में लगे इंटरएक्टिव डिजिटल पैनल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक तकनीक बच्चों की समझ बढ़ाने में बेहद उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि रोस्टर तैयार कर नियमित रूप से सभी कक्षाओं में इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से पढ़ाई कराई जाए, ताकि हर छात्रा को डिजिटल शिक्षा का समान लाभ मिल सके।
इसके बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल नगर निगम क्षेत्र स्थित सेंट्रलाइज किचन पहुंचीं, जहां से शहर के 83 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के 6,540 विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है। उन्होंने भोजन निर्माण की पूरी प्रक्रिया, रसोई की स्वच्छता, बर्तनों की सफाई और उपयोग में लाए जा रहे तेल व मसालों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। जांच में सामग्री निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई।
कलेक्टर ने प्रबंधन को निर्देश दिए कि प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन का एक सैंपल अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी जांच की जा सके। निरीक्षण के बाद उन्होंने सुभाष नगर स्कूल पहुंचकर बच्चों को परोसे जा रहे भोजन का भी निरीक्षण किया, जहां भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण पाया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी, स्कूल प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और पोषण दोनों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।