सागर- बिना अनुमति मिट्टी और मुरम का अवैध उत्खनन,डंपरों से किया जा रहा परिवहन ! आरोप
सागर जिले के खुरई ब्लॉक अन्तर्गत खिमलासा थाना क्षेत्र में कथित रूप से अवैध उत्खनन किये जाने का मामला सामने आया है। डंपरों में मुरम भरकर परिवहन किया जा रहा है। जिससे न सिर्फ पर्यावरण को नुक्सान पहुंचाया जा रहा है बल्कि राजस्व की हानि भी हो रही है। लेकिन हैरानी की बात ये है की खनिज विभाग और प्रशासन की ओर से कोई कार्यवाई नहीं की जा रही है। ये तस्वीरें खिमलासा क्षेत्र के जंगराई कला गांव से सामने आई हैं। जहां कथित अवैध उत्खनन का खेल चल रहा है। ऐसा आरोप है की एक स्थानीय ठेकेदार कांग्रेस नेता की देखरेख में खुलेआम अवैध उत्खनन कराया जा रहा है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में लंबे समय से बिना अनुमति के मिट्टी और मुरम का उत्खनन किया जा रहा है। साथ ही डंपरों में भरकर परिवहन भी किया जा रहा है। आरोप है कि उत्खनन में भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। जिससे आसपास की कृषि भूमि और रास्तों पर भी असर पड़ रहा है। साथ ही ऐसा आरोप है की दिनदहाड़े हो रहे इस कथित अवैध उत्खनन के बावजूद खनिज विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है की मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए।--