MP | 10 लाख की अवैध शराब जब्त! बिना नंबर प्लेट की कार छोड़कर फरार हुए तस्कर
पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार से 37 पेटी प्लेन देसी शराब बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। जानकारी के अनुसार, एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत तड़के करीब 4 बजे सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही कार सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसके अंदर से 37 पेटी प्लेन देसी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है, जबकि कार की अनुमानित कीमत 8 से 8.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह पुलिस ने कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हाईवे के रास्ते अवैध शराब लाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में छोटी-छोटी खेप के रूप में सप्लाई करने की तैयारी में थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी, किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी और इस पूरे अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।