Sagar - पत्नी बना रही थी अलग रहने और फंसाने का दवाब, इसलिए पति चल बसा, आरोपी पत्नी पहुंची जेल
पत्नी के उकसाने और उलाहना से तंग आकर पति ने अपनी जान दे दी थी। मामले में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए पत्नी को आरोपी बनाते हुए जेल भेजा है। मामला सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र का है। घटना तेवरी गांव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है की तक़रीबन 18 दिन पहले 37 साल के सुरेंद्र अहिरवार ने अपने घर में जान दे दी थी। मौके से मिले पत्र और जांच के आधार पर पुलिस ने पत्नी कंचन अहिरवार पर जान देने के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पूछताछ और परिजनों के बयानों में सामने आया कि पत्नी अपने पति पर इंदौर में मकान खरीदने और परिवार से अलग रहने का लगातार दबाव बना रही थी। मांग पूरी न होने पर पूरे परिवार को फंसाने और जान देने की धमकी भी देती थी। जिससे सुरेंद्र परेशान था और तनाव में रह रहा था। इसी के चलते सुरेंद्र ने यह कदम उठा लिया। सुरेंद्र अहिरवार के पिता ने आरोप लगाया था
कि घटना वाले दिन पत्नी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ घर पहुंची। सुरेंद्र के साथ मारपीट की और अलमारी से जेवर और नकदी भी ले गई। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट, पत्र और परिजनों के बयानों के आधार पर कंचन अहिरवार को उसके मायके लहरावदा थाना भानगढ़ बीना से पकड़ पर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने कई राज खोले। कंचन अहिरवार के खिलाफ अपने पति को जान देने के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।------