सागर में पैदल घूमने के भी लगेंगे पैसे, खेल परिसर में एंट्री से लेकर मॉर्निंग वॉक तक का चार्ज लगेगा
सागर शहर के खेल स्टेडियम (खेल परिसर) में अब सुबह-शाम स्वास्थ्य लाभ लेने आने वाले शहरवासियों और खेलों का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की जेब ढीली होगी। कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी द्वारा जारी नई रेट लिस्ट के अनुसार 1 अगस्त 2026 से खेल परिसर में प्रवेश और अभ्यास के लिए मासिक मेंटेनेंस एवं पंजीयन शुल्क अनिवार्य कर दिया गया है।
अब तक स्टेडियम में रोजाना सुबह-शाम टहलने आने वाले लगभग दो हजार से अधिक आम नागरिकों, बुजुर्गों और युवाओं के लिए प्रवेश निःशुल्क था, लेकिन नए आदेश के बाद अब साधारण वॉक (सैर) करने वालों को भी पंजीयन और मासिक शुल्क देना होगा, जिससे स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। लोगों ने इस शुल्क को समाप्त करने के8 मांग की हैं
स्टेडियम में रोज सुबह-शाम लगभग 2,000 लोग टहलने और व्यायाम करने आते हैं। साधारण सैर के लिए भी 500 रजिस्ट्रेशन और 300 प्रति माह चार्ज लगाने से आम जनता और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ेगा। कई बुजुर्गों ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर ऐसा शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए। शहर के कई उभरते खिलाड़ी मध्यम या गरीब वर्ग से आते हैं। एकमुश्त 500 पंजीयन और हर महीने 300 मेंटेनेंस चार्ज देना कई परिवारों के लिए मुश्किल होगा। इससे कई बच्चे और युवा खेलों से दूर हो सकते हैं। बिना कार्ड के प्रवेश न मिलने और सुरक्षा चेकिंग के कारण मुख्य गेट पर आए दिन सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों के बीच बहस और नोकझोंक की स्थिति निर्मित होगी।
स्थानीय नागरिकों और विभिन्न खेल संघों ने जिला प्रशासन व खेल विभाग से मांग की है कि कम से कम सुबह-शाम टहलने आने वाले आम नागरिकों और बुजुर्गों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा जाए या सांकेतिक शुल्क तय किया जाए। इस संबंध में डीएसओ शर्मिला डाबर का कहना है कि खेल स्टेडियम में कुछ ऐसे तत्व भी आ रहे थे जो आए दिन लड़ाई झगड़ा करते थे, इसी के चलते शुल्क का निर्णय लिया गया।
इस राशि का सदुपयोग कोच की व्यवस्था सहित स्टेडियम के मेटनेंस पर किया जाएगा। फिलहाल यह शुल्क अनिवार्य किया गया