सागर- करंट लगने से किसान की मौ त, बचाने गया ग्रामीण भी गंभीर झु लसा, नदी में बि छी मौ त!
सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां खेत जाने के लिए निकले एक किसान की नदी में करंट लगने से मौत हो गई। इंसानियत दिखाते हुए उसे बचाने के लिए नदी में उतरा एक ग्रामीण भी बिजली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। यह हादसा ग्राम मंगेला में हुआ। जानकारी के अनुसार, नदी में लगी एक विद्युत मोटर का बिजली का तार टूटकर पानी में गिर गया था, जिससे पूरे पानी में करंट फैल गया। इसी दौरान 45 वर्षीय किसान बलराम पिता भैयालाल ठाकुर अपने खेत जाने के लिए नदी पार कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने पानी में कदम रखा, वे तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े।
बलराम को तड़पता देख गांव के कुंवर सिंह (42) बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर केसली थाना पुलिस भी पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए देवरी अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल कुंवर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
मृतक के भाई हेमराज सिंह ने बताया कि बलराम रोज की तरह खेत जाने के लिए नदी पार कर रहे थे। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि पानी में बिजली का करंट फैला हुआ है। एसडीओपी अरुण कुमार उइके ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बिजली का तार नदी में कैसे गिरा और इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को कब तक अपनी जान देकर चुकाना पड़ेगा? यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।