फिल्म में मोटे मुनाफे का झांसा, कारोबारी से 12.90 लाख की ठगी ! मुंबई के डायरेक्टर पर केस दर्ज
फिल्म निर्माण के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुंबई के एक फिल्म डायरेक्टर ने मोटे मुनाफे का लालच देकर एमपी के ग्वालियर के एक कारोबारी से 12 लाख 90 हजार रुपये ऐंठ लिए। हैरानी की बात यह है कि न तो फिल्म बनी और न ही निवेश की रकम वापस मिली। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के विजय नगर एक्सटेंशन निवासी ओमप्रकाश कुकरेजा, जो मेट्रो प्रोडक्शन के प्रोपराइटर हैं, ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि मुंबई के बोरीवली वेस्ट निवासी और अग्रता आर्ट्स के प्रोपराइटर मुरली लालवानी ने वर्ष 2020 में उनसे संपर्क किया था।
आरोपी ने रामबाबू-श्यामबाबू नाम की भोजपुरी फिल्म में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और दावा किया कि फिल्म से बड़ा मुनाफा होगा। भरोसा जीतने के बाद सितंबर 2023 में आरोपी ने कारोबारी से 20 स्टाम्प पेपर और मेट्रो प्रोडक्शन के 50 लेटरहेड भी अपने पास ले लिए। इसके बाद आरोपी ने लखनऊ में फिल्म की शूटिंग शुरू होने का हवाला देते हुए 16 अगस्त से 18 अक्टूबर 2023 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12.90 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। लेकिन जब कारोबारी ने फिल्म की प्रगति और खर्च का हिसाब मांगा तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर मुरली लालवानी ने जान से मारने की धमकी दी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर बदनाम करने की भी कोशिश की। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपी ने फिल्म निर्माण के नाम पर कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के निर्देश के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी द्वारा लिए गए स्टाम्प पेपर और लेटरहेड का इस्तेमाल कहीं किसी अन्य फर्जीवाड़े में तो नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।