किराए पर लेता बैंक खाते,साइबर फ्रॉड करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई एटीएम और खातों की जानकारी मिली
साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शातिर बदमाश ऐसे ऐसे तरीके खोज रहे हैं जिससे पुलिस भी हैरान है। फिर एक मामले में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो किराए का बैंक खाता लेकर सम्बंधित लोगों को रूपये देता था, इसके बाद उनमें रूपये आने पर खुद निकाल लेता था। कार्यवाई छतरपुर जिले की सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने की है। जहां साइबर फ्रॉड करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मोबाइल फोन,6 एटीएम कार्ड और बैंक खातों की जानकारी मिली है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस को झांसी-छतरपुर हाईवे स्थित लाइफलाइन अस्पताल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के साइबर फ्रॉड किए जाने की सूचना मिली थी। टीम बिना देर किये मौके पर पहुंची। संदिग्ध युवक को संदेह हुआ और वह वहां से भागने लगा लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जहां उसके पास मिले मोबाइल फोन और 6 एटीएम कार्ड की जांच की गई। जो अलग-अलग बैंकों और अलग-अलग व्यक्तियों के पाए गए। साथ ही संदिग्ध के पास 4 बैंक खातों से संबंधित जानकारी भी मिली। मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक खातों की जानकारी को अधिकृत पोर्टल के माध्यम से चेक करने पर इनके खिलाफ 9 साइबर शिकायतें दर्ज होना पाई गयी। जिसके बाद पुलिस ने साइबर फ्रॉड करने वाले आरोपी अंकुश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। जो सतना जिले के नागौद के उमरी गांव का निवासी है। कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में पुलिस को आरोपी के सहयोगी की जानकारी भी मिली है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया की आगे की कार्यवाई जारी है।-