सागर में नकली घी बेचने वाला गिरफ्तार, सरकारी कार्यालयों में खपा रहा था घी, लैब भेजे गए सैंपल
सागर में पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है जहां सरकारी कार्यालयों में जाकर नकली घी बेचने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ा है। जिसे पुलिस ने खाद्य विभाग के हवाले किया। टीम ने घी को जब्त करते हुए उसके नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। मोतीनगर थाना पुलिस ने कार्यवाई को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपी का नाम जितेंद्र घोषी बताया जा रहा है जो सरकारी कार्यालयों में जाकर घी बेचता था। वह पशु चिकित्स्क को भी घी बेच चुका था। लेकिन कुछ समय बाद उसमें से दुर्गन्ध आने लगी तो उन्हें संदेह हुआ, जिस पर उन्होंने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जब युवक घी लेकर पहुंचा तो पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। जैसे ही आरोपी घी बेचने पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया और आरोपी के पास से मिले घी को जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
शिकायतकर्ता अनुज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया की जितेंद्र घोषी का कार्यालय में आना जाना था। उसने बताया था की यह गाय का शुद्ध घी लेकर आया है। जिसने उसने कुछ लोगों को कम दाम में बेचा था। खुद उन्होंने भी घी खरीदा था। लेकिन जब नकली घी का संदेह हुआ तो मोतीनगर थाने में शिकायत की गयी थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाई की।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बताया की आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरूआती जांच में सामने आया की वह काफी समय से नकली घी बेचने का काम कर रहा था। यह पता लगाया जा रहा है की उसने अब तक किन-किन लोगों और संस्थानों को नकली घी बेचा है।
फिलहाल खाद्य विभाग ने जब्त घी के नमूने परीक्षण के लिए लैब भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।------