Sagar- शाहगढ़ में बिना रजिस्ट्रेशन अस्पताल! छोटे बच्चों को चढ़ाई जा रही बोतल, स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में नाम नहीं
सागर जिले के शाहगढ़ से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। शाहगढ़ के बीच बाजार में पाल हॉस्पिटल नाम से एक अस्पताल संचालित होने की जानकारी सामने आई है, जहां मरीजों को भर्ती कर इलाज किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अस्पताल के पंजीयन और संचालन की वैधता को लेकर खड़ा हो गया है। जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में पाल हॉस्पिटल नाम से किसी अस्पताल के दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद यहां मरीजों की भर्ती और उपचार किए जाने का आरोप है। यदि अस्पताल का पंजीयन नहीं है, तो फिर लंबे समय से इसका संचालन किसकी अनुमति से हो रहा है, यह जांच का विषय है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची, तो अस्पताल में छोटे बच्चों का इलाज किए जाने और उन्हें बोतल चढ़ाए जाने की तस्वीरें सामने आईं। मौके पर मौजूद एक कथित डॉक्टर से अस्पताल के पंजीयन, इलाज और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल किए गए, लेकिन वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल जवाब देता रहा। उसने कैमरे के सामने आने से भी इनकार कर दिया। इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर इलाज के दौरान किसी मरीज, खासकर छोटे बच्चे की हालत अचानक बिगड़ती है, तो क्या अस्पताल में पर्याप्त मेडिकल स्टाफ, आवश्यक उपकरण और इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध है? यह भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है।
मामले को लेकर जब सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया से जानकारी ली गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में पाल हॉस्पिटल नाम से कोई अस्पताल दर्ज नहीं है। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि अस्पताल का वास्तविक पंजीयन क्या है, वहां उपचार करने वाले लोगों की योग्यता और अनुमति क्या है तथा मरीजों को किस स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल मामला गंभीर है और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई का इंतजार है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर अस्पताल का रिकॉर्ड में पंजीयन नहीं है, तो यहां मरीजों की भर्ती और इलाज लंबे समय से कैसे चल रहा था? जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।