सागर- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़,कंप्यूटर सेंटर के नाम पर नेटवर्क मार्केटिंग,संचालिका पर गंभीर आरोप!
सागर के रहली क्षेत्र में संचालित कंप्यूटर सेंटर की संचालक पर गंभीर आरोप लगे हैं। भगवती मानव कल्याण के साथ पहुंची छात्राओं का आरोप है की कंप्यूटर शिक्षा के नाम पर उनके साथ आर्थिक रूप से धोखाधड़ी की गयी है। उनसे बीस बीस हजार रूपये वसूले गए हैं। जबकि सेंटर में नेटवर्क मार्केटिंग का काम किया जा रहा है। आरोप लगाया गया की संचालिका मेघा दुबे ने उन लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। इसी को लेकर प्रशासन से शिकायत की गयी है। बताया गया की रहली के पंढरपुर वार्ड नंबर 13 में दानी संस्कार भवन में APLL नाम से सेंटर संचालित है जहां कई छात्र-छात्राओं के साथ धोखा किया गया है। इसी को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन के लोगों ने पीड़ित छात्र-छात्राओं के साथ शिकायती आवेदन देते हुए कार्यवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक रहली विधानसभा क्षेत्र में संचालित APLL नामक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र जो पिछले कई सालों से पहले वार्ड नंबर 4 सागर रोड़ और रहली में संचालित था जो वर्तमान में वार्ड नंबर 13 पंढरपुर में संचालित है। इसमें पढ़ाई करने वाले नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों ने भगवती मानव कल्याण संगठन को पूरी जानकारी देकर बताया की उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
रहली थाने में भी आवेदन देकर कार्यवाई की मांग की थी। साथ ही आरोप लगाया गया की उनके साथ बहुत बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी और षड्यंत्र में फंसाकर केंद्र के संचालक द्वारा सभी कम उम्र के छात्र-छात्राओं का भविष्य शिक्षा के नाम पर बर्बाद करने का षड्यंत्र किया गया। समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर भी यह बात सामने आई। लेकिन कोई कार्यवाई अभी तक नहीं की गयी है। जिसके बाद अब बीते दिन ज्ञापन सौंपकर कार्यवाई की मांग की गयी थी की जांच होने तक संस्था को बंद रखा जाये। वहीं कथित तौर से लिए गए पैसे भी वापिस किये जाएं।
छात्राओं का कहना है की उनसे कंप्यूटर सेंटर के नाम पर फीस भरवाई गयी लेकिन वहां नेटवर्क मार्केटिंग का काम कराया जा रहा है। वहीं संगठन के लोगों का कहना था की अगर सुनवाई नहीं होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।