11 घंटे की बारिश से आया सैलाब, दो पुल डूबे, जिलों से संपर्क टूटा, पूरा अमला जुटा मैदान में
तकरीबन ग्यारह घंटे की लगातार बारिश के बाद पानी का ऐसा सैलाब आया की लोग हैरान रह गए। सभी नदी नाले उफान पर आ गए। एक तरफ दो पुल डूब गए वहीं दूसरी तरफ दो जिलों से संपर्क टूट गया। आलम कुछ ऐसा था की बाढ़ का पानी लोगों के घरों में भर गया। नदी किनारे रहने वाले लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। आपको नज़र आने वाली ये तस्वीरें एमपी के मंडला जिले की हैं। जहां दो दिन से रुक रुक कर बारिश का दौर जारी है। जिससे नर्मदा समेत सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
सुबह के समय जबलपुर नेशनल हाई-वे पर जोगी टिकरिया गांव में पुल डूब गया। तो नगर में नर्मदा नदी पर बना 25 फीट पुल भी डूब गया। जिले का जबलपुर-मंडला से संपर्क टूट गया। बाढ़ का नज़ारा ऐसा था की बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। एहतियातन सुरक्षा के लिहाज से मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्टर, एसपी अमले के साथ बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।
बताया गया की नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिससे जोगी टिकरिया और मुख्य नर्मदा पुल के पास पुलिस ने बैरिकेट्स और रस्सी लगाकर बंद कर दिया है। नदी किनारे रहने वाले सात परिवारों को रैन बसेरा में शिफ्ट किया गया। वहीं नर्मदा के दूसरे तट हंस नगर और साकेत नगर में नदी किनारे बने घरों में पानी पहुंच रहा है।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा करने पहुंची थी। उन्होंने कहा की पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया था। नदी किनारे पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तैनात की गई है। हर एक मूवमेंट पर नज़र रखी जा रही है। वहीं लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की भी अपील की गयी है। पूरा प्रशासनिक अमला मैदान में जुटा हुआ है।------