सागर- अपने गांव गए लेक्चरर के सूने घर में लाखों की चोरी, 15 तोला सोना आधा किलो चांदी उड़ाई
सागर जिले में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं जिसमें गौर करने वाले बात ये है की चोर सूने घरों को ज्यादा निशाना बना रहे हैं। खुरई थाना क्षेत्र से भी इसी तरह की चोरी की वारदात सामने आई है। जिसमें चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया की पठारी रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में रहने वाले इलेक्ट्रिकल लेक्चरर दीपक कुमार गुप्ता के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए। जिस समय चोरी हुई तब कोई भी घर पर मौजूद नहीं था। जिसका चोरों ने फायदा उठाया। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित दीपक गुप्ता अपने गांव जरूआखेड़ा गए हुए थे। वहीं उनकी पत्नी अपनी बेटी के साथ राजस्थान के कोटा में रह रही हैं। बेटी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। घर पूरी तरह सूना था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। घर के अंदर चोरों ने सामान खंगाला और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। सामान की जानकारी जुटाने पर सामने आया की करीब 15 तोला सोना और आधा किलो चांदी चोरी हुई है। जेवरातों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। चोरी की घटना के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। सूने मकानों की निगरानी और रात में पुलिस गश्त को लेकर लोग चिंतित हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है साथ ही अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।
लगातार इस तरह की वारदातें सामने आ रही हैं। सूने घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसलिए ज़रुरी ये है की घरों, मकानों को सूना न छोड़ा जाए। सावधानी में ही सुरक्षा है।-----