Sagar- बारिश में बढ़ी मुसीबत, पहाड़ी क्षेत्र से सड़क पर गिर रहे पत्थर, हादसों का अंदेशा
लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से अब कुछ जगहों से खतरे जैसी बात सामने आ रही है। इसी तरह बारिश के कारण सागर के जरुआखेड़ा से बांदरी जाने वाली सड़क पर शक्ति घाटी के पास स्थित पहाड़ी क्षेत्र से छोटे-बड़े पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं। जिससे इस मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों की खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर घाटी के अंधे मोड़ों पर सड़क पर पड़े पत्थर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। जबकि ये रास्ता आगे चलकर नेशनल हाईवे को जोड़ता है। सबसे ज्यादा डर लोगों को रात के समय सताता है। क्योंकि हर पल दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। छोटे-बड़े सभी वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक बारिश के दौरान पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर टूटकर सड़क पर आ रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क पर गिरे पत्थरों के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने की नौबत आ रही है। रात के समय और तेज बारिश के दौरान खतरा और भी बढ़ जाता है। क्योंकि सड़क पर पड़े पत्थर समय रहते दिखाई नहीं देते। यह मार्ग जरुआखेड़ा और बांदरी के बीच आवागमन का प्रमुख रास्ता है। जो आगे चलकर नेशनल हाईवे 44 को जोड़ता है। जहां से दोपहिया, चार पहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में अगर समय रहते सड़क से पत्थर नहीं हटाए गए और पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।