बेकाबू बस की चपेट में आ गए तीन वाहन, ऑटो चालक नहीं बच पाया, तीन पहुंचे अस्पताल
बेकाबू यात्री बस ने एक साथ अलग-अलग वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुखद हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही जान चली गयी। वहीं कार और बाइक सवार तीन लोग घायल हुए हैं। जबकि वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऑटो में दबने से उसके चालक ने दम तोड़ा जिसे संभलने का भी मौक़ा नहीं मिला। घटना उज्जैन जिले के महिदपुर से सामने आई है। जहां रात के समय दर्दनाक हादसा हुआ। लेकिन बस चालक मौके का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त करते हुए घायलों को अस्पताल भेजा। साथ ही चालक पर मामला दर्ज किया।
बताया जा रहा है की अनियंत्रित बस ने तीन अलग-अलग वाहनों को जोरदार टक्कर मारी। जिसमें ऑटो चालक जाहिद खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा उस समय हुआ जब राजश्री कंपनी की बस सुधरने के बाद गैरेज से नीचे उतर रही थी। ढलान पर आते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और चालक का उस पर से संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू बस ने मार्ग पर मौजूद एक ऑटो, एक इको कार और एक बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी की ऑटो के पास बैठे चालक जाहिद खान गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही जान चली गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
वहीं इको कार में सवार दो युवक और मोटरसाइकिल पर बैठा एक युवक घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को ज़ब्त किया। लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। जिसकी तलाश जारी है। फ़िलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।