कैफे संचालक का बेटा चोरी होते-होते बचा, लोगों की सूझबूझ से पकड़ा गया आरोपी,बाइक पर बैठा था बच्चा
बाइक पर बैठा हुआ कैफे संचालक का मासूम बेटा चोरी होते-होते बच गया। समय पर लोगों की निगाह उस पर पड़ गयी और लोगों के शोर मचाने के बाद युवक घबरा गया जिसे आसपास मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। घटना महाकाल नगरी उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड के पास से सामने आई है। जहां ये घटनाक्रम सामने आने से हड़कंप मच गया। दरअसल मुल्लापुरा से रामघाट मार्ग पर बने इस कैफे के बाहर अजय माली ने अपने बच्चे प्रिंस माली को बाइक पर बैठाया और उसमें चाबी लगी हुई छोड़कर वह कैफे तक गए। तभी फूल माला की दुकान पर काम करने वाला युवक सोनू चौधरी वहां पहुंचा और मौका का फायदा उठाते हुए बच्चे को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने लगा। लेकिन जब आसपास मौजूद लोगों की नज़र उस पर पड़ी तो उन्हें संदेह हुआ बच्चा भी अजनबी को देख असहज हुआ। लोगों ने शोर मचाया लेकिन युवक नहीं रुका। यह देख बच्चे के पिता अजय माली ने अपनी दुकान से दौड़ लगा दी और कुछ ही दूरी पर आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान मौके पर यातायात एसआई लखन गौड़ अपनी टीम के साथ मौजूद थे। जिन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया और युवक को पकड़कर महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया। साथ ही परिजनों और आरोपी के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। घटना के सामने आने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की सूझबूझ से अनहोनी होने से टल गई। गनीमत यह रही कि लोगों की समय पर नज़र पड़ गई जिससे युवक बच्चे को नहीं ले जा पाया। इस सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है। ताकि दोबारा इस तरह के मामले न हों।-