Sagar- स्कूल पर कथित धर्मांतरण के आरोप, ABVP कार्यकर्ताओं की तालाबंदी की चेतावनी, पहुंचा भारी पुलिस बल
हाल ही में सागर जिले के खुरई में होली फैमिली स्कूल में कथित धर्मांतरण के गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया था। जिसके बाद ये अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कूल के गेट पर तालाबंदी करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस से कार्यकर्ताओं की मामूली झूमाझटकी देखने को मिली।
तकरीबन दो घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। जहां एबीवीपी के लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच किये जाने की मांग की है। प्रदर्शन के चलते बड़ी संख्या में खुरई समेत बीना और भानगढ़ थाने का बल मौके पर पहुंचा था। हालातों को भांपते हुए पुलिस अमला पहले ही सक्रिय हो गया था। इसी को लेकर गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात थी। ताकि विवाद और कोई अप्रिय स्थिति न बने। इस दौरान स्कूल की सिस्टर भी मौके पर पहुंची और लोगों से बात की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीते शुक्रवार रात दीक्षांत समारोह की आड़ में धर्मांतरण की गतिविधियां हुईं। संगठन ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि जांच की जानकारी नहीं मिलने पर स्कूल गेट पर तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन को देखते हुए खुरई, बीना और भानगढ़ से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
गौरतलब है की खुरई में बीते करीब तीन दिन पहले रात के समय हिंदू संगठनों के लोग होली फैमिली कान्वेंट स्कूल के बाहर पहुंचे थे। जहां कथित धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की थी। सूचना लगते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा था। जहां स्कूल की सिस्टर ने इस बात को नकारा था। उनका कहना था की सिस्टर बनाने की जो प्रक्रिया होती है उसी को लेकर कार्यक्रम था। अब इसी मामले में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।------