फोरलेन पर पुलिस कर रही थी पेट्रोलिंग,तभी कार से बरामद हुई कई पेटी अवैध शराब,दो गिरफ्तार एक फरार
कार से अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी, पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब संदिग्ध कार की तलाशी ली गयी तो इस बात का खुलासा हुआ। टीम ने मौके पर जांच की तो कार में से अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कार समेत जब्त शराब की कीमत पंद्रह लाख रूपये बताई जा रही है। कार्यवाई छतरपुर जिले की बमीठा थाना पुलिस ने की है। जहां दो तस्करों को पकड़ा है जबकि एक फरार की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है की फोरलेन हाईवे की सर्विस रोड पर ग्रैंड विटारा कार को रोका गया। जिसमें से 15 पेटी और 132 लीटर से ज्यादा अवैध शराब बरामद हुई। बमीठा थाना पुलिस बीती रात झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे पर रोड पेट्रोलिंग कर रही थी। तभी पुलिस को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली। जिसके आधार पर पुलिस टीम ग्राम गंज स्थित फोरलेन हाईवे की सर्विस रोड पर पहुंची जहां संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गयी। इस दौरान 15 पेटी, 132 लीटर से ज्यादा देशी और अंग्रेजी शराब मिली। जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त किया।
पुलिस ने छतरपुर के महोबा रोड डिपो कॉलोनी निवासी प्रताप राजा और अनुराग सोनी को अभिरक्षा में लिया। जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।