Sagar-जवानी में किये दो दो हाथ, 37 साल बाद पुलिस ने पकड़ा अब बुढ़ापा जेल में कटेगा | SAGAR TV NEWS |
सागर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां 28 साल की उम्र में दर्ज हुए मारपीट के मामले का आरोपी 65 साल की उम्र में पुलिस के हत्थे चढ़ा है। यानी जिस उम्र में आरोपी ने अपराध किया, उसके करीब 37 साल बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 22 साल से स्थाई वारंट के चलते फरार चल रहा था और अब बुढ़ापे में उसे जेल की हवा खानी पड़ेगी।
गोपालगंज थाना पुलिस ने 22 साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी संजय सिंह पिता स्वर्गीय अवधविहारी सिंह, उम्र 65 वर्ष, निवासी शांतिविहार, रजाखेड़ी मकरोनिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 1989 में धारदार हथियार से मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। मामले की सुनवाई के दौरान वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ वारंट जारी कर दिया गया।
बताया गया कि वर्ष 2003 में आरोपी अपना मूल निवास छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पहचान और ठिकाना बदलकर वह मकरोनिया क्षेत्र में रहने लगा था। पुलिस को मुखबिर से आरोपी के शांतिविहार कॉलोनी के आसपास होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस की टीम ने दबिश देकर संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि 22 साल से फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। अब लंबे समय तक पुलिस से बचता रहा आरोपी अपनी जिंदगी के आखिरी पड़ाव में कानूनी कार्रवाई का सामना करेगा।