Sagar -ट्रक से लीवर निकलते समय टिक्की में देखिए अजीब सी चीज, स्नेक कैचर बुलाना पड़ा
सागर में भोपाल रोड से भैंसा वेयर हाउस तक सामान लेकर पहुंचा ट्रक उस समय दहशत का कारण बन गया, जब उसकी डिग्गी में ढाई फीट लंबी खतरनाक नागिन छिपी मिली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि नागिन ड्राइवर और कंडक्टर के साथ ट्रक में सफर करती हुई यहां तक पहुंच गई और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। ऋषभ कुमार जैन के ट्रक को भैंसा वेयर हाउस में खड़ा करने के बाद टायर खोलने के लिए लिवर निकालने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रक के हिस्से में नागिन दिखाई दी। देखते ही मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में नागिन की खबर पूरे परिसर में फैल गई और वहां हड़कंप मच गया।
बारिश के मौसम में सांपों के बिलों और सुरक्षित ठिकानों से निकलने का सिलसिला बढ़ जाता है। आशंका जताई गई कि बारिश से बचने के लिए नागिन ट्रक में किसी सुरक्षित जगह पर छिप गई होगी और इसी दौरान ट्रक भोपाल रोड से भैंसा वेयर हाउस तक पहुंच गया। नागिन को देखकर लोगों ने तत्काल स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नागिन ट्रक के केबिन के अंदर ऐसी जगह छिपी थी, जहां पहुंचना बेहद मुश्किल था। काफी मशक्कत के बाद अकील बाबा ट्रक के केबिन में घुसे और सावधानी से नागिन को बाहर निकाला।