सागर- बस किराया बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
यात्री बसों के बढ़े हुए किराए को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। सागर जिले के बंडा के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीली कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने बढ़ी हुई किराया दरों को आम जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश में यात्री बसों के किराए में हाल ही में बढ़ोतरी की गई है। कांग्रेस के मुताबिक पहले यात्री बसों का किराया 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर था, जिसे बढ़ाकर 2 रुपए प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। पार्टी का कहना है कि किराए में हुई यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर रोजाना बसों से सफर करने वाले लोगों की जेब पर असर डालेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, मजदूर, निम्न आय वर्ग, मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोग नियमित रूप से यात्री बसों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में किराया बढ़ने से रोजाना आने-जाने का खर्च बढ़ जाएगा। इसका सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने कहा कि आम आदमी पहले ही महंगाई और बढ़ते खर्च से परेशान है। ऐसे समय में यात्री बसों का किराया बढ़ाना लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता की परेशानी को ध्यान में रखते हुए बढ़ा हुआ किराया वापस लिया जाए।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन आम लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों तक पढ़ाई, रोजगार, इलाज और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। किराया बढ़ने से इन लोगों के सामने अतिरिक्त आर्थिक चुनौती खड़ी होगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि यात्री किराए में की गई बढ़ोतरी पर पुनर्विचार किया जाए और जनहित में बढ़ी हुई दरों को वापस लिया जाए। इस दौरान पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि किराया वृद्धि वापस नहीं ली गई तो आम जनता के मुद्दे को लेकर आगे भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।