सागर- रातभर अपराधियों पर टूटा पुलिस का कहर! 700 जवान मैदान में, 230 से ज्यादा आरोपियों पर कार्रवाई
सागर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने रातभर बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में पूरे जिले में एक साथ व्यापक कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान 700 से ज्यादा पुलिसकर्मी मैदान में उतरे और वारंटियों, फरार आरोपियों, गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान 330 से ज्यादा प्रमुख वैधानिक कार्रवाइयां की गईं, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया। कॉम्बिंग गश्त की शुरुआत सागर के कटरा बाजार से हुई, जहां एसपी अनुराग सुजानिया ने शहर के पुलिस बल को ब्रीफ किया। वहीं देहात क्षेत्रों में पुलिस बल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निर्देश दिए गए। इसके बाद शहर से लेकर दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक पुलिस टीमें एक साथ सक्रिय हो गईं।
पुलिस ने चिन्हित अपराधियों और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। अभियान में 112 स्थाई वारंटों की तामील और गिरफ्तारी, 200 गिरफ्तारी वारंटों की कार्रवाई, धारा 170 BNSS के तहत 12 कार्रवाई और 9 अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध शराब के 9 प्रकरण भी दर्ज किए गए। इतना ही नहीं, पुलिस ने जिलेभर में 213 गुंडा और हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की। पुलिस का मकसद सिर्फ फरार आरोपियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों और उनके ठिकानों का सत्यापन करना भी रहा।
खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया पूरी रात अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नरेंद्र सोलंकी समेत वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार मैदानी टीमों के संपर्क में रहे। दबिश, चेकिंग और गिरफ्तारी की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। एक साथ पूरे जिले में हुई इस बड़ी कार्रवाई से वारंटी, फरार आरोपी और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून से बचकर रहना अब आसान नहीं होगा। एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर में शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वहीं आमजन से अपील की गई है कि वे निर्भीक रहें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।