Sagar- हर घर तिरंगा अभियान के तहत एनसीसी ने निकाली भव्य तिरंगा साइकिल रैली
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर सागर द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना था।
रैली का शुभारंभ एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर विकास बहुगुणा ने तिरंगा/हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष किए।
33 मध्यप्रदेश एनसीसी बटालियन सागर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आर. एस. राजीव (सेना मेडल) एवं एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पा जोशी के मार्गदर्शन में सैन्य अधिकारियों, एएनओ और पीआई स्टाफ ने रैली में सहभागिता की।
रैली में शासकीय संभागीय आईटीआई, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एमआरपीएस स्कूल और उत्कर्ष स्कूल के करीब 100 एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए। अनुशासित रूप से निकली रैली एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर से सिविल लाइन, पीली कोठी रोड, सिटी स्टेडियम होते हुए संजय ड्राइव स्थित लाखा बंजारा झील पहुंची।
रैली के समापन अवसर पर कैडेट्स और अधिकारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गान किया।