Sagar- ओवर ब्रिज के नीचे चल रहा था सौदा, अचानक पहुंची पुलिस, 25 हजार का माल जप्त
सागर शहर में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 272 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति दमोह-मकरोनिया की ओर से गांजा लेकर सागर आ रहे हैं। उनका उद्देश्य शहर में गांजे की बिक्री करना था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने न्यू ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
कुछ ही देर में पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP 34 ZH 4353 को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलान सेन और महेन्द्र सेन, दोनों निवासी ग्राम घुरेटा, थाना बटियागढ़, जिला दमोह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया। शहर में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।