सागर के PTC ग्राउंड में मंत्री सिंह राजपूत ने शान से फहराया तिरंगा, झमाझम बारिश में दिखा गजब उत्साह
सागर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। झमाझम बारिश के बीच सागर के पीटीएस ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। बारिश भी शहरवासियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में लोग छाता लेकर समारोह में पहुंचे और पूरा पीटीएस ग्राउंड दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया।
ध्वजारोहण के बाद हर्ष फायर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद राजपूत ने भव्य परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। समारोह में कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। परेड के दौरान जवानों और विद्यार्थियों के कदमताल ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव का राज्य के नाम स्वाधीनता का संदेश वाचन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद राजपूत ने भी संदेश वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में हर नागरिक की भूमिका पर जोर दिया। इसके बाद शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और प्रस्तुतियों ने दर्शकों में जोश भर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
लगातार होती बारिश के बावजूद पीटीएस ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब इस बात की गवाही दे रहा था कि देशभक्ति के जज्बे के आगे मौसम भी फीका है। तिरंगे की शान, राष्ट्रगान की गूंज और भारत माता के जयकारों के बीच सागर ने स्वतंत्रता दिवस को पूरे गौरव और उल्लास के साथ मनाया।