Sagar- ट्राले में सो रहा था चालक तभी भड़क उठी आग, अगला हिस्सा बुरी तरह जला,दो घंटे बाद पहुंची दमकल
सागर जिले के बीना में पेट्रोल पंप के पास खड़े एक ट्राले में अचानक से आग भड़क गयी। आगजनी की ये घटना उस समय हुई जब चालक ट्राले में सो रहा था। जब उसकी नींद खुली तो वह घबरा गया। क्योंकि आग तेजी से फैलती जा रही थी। करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। ये पूरी घटना बीना-खुरई नेशनल हाईवे के श्रुतधाम के पास से सामने आई है। इस दौरान ट्राले के आगे का हिस्सा बुरी तरह से जल गया। लेकिन इस सब में गनीमत की बात ये रही की कोई जनहानि नहीं हो पाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी थी।
बताया जा रहा है की चालक रामपाल केवट ट्राले के अंदर सो रहा था। जब गर्मी महसूस होने पर उसकी नींद खुली तो आग की लपटें दिखाई दीं। इसके बाद उसने पेट्रोल पंप से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर बिग्रेड को सूचना दी। करीब दो घंटे बाद फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन आग पूरी तरह शांत नहीं हुई थी। ट्राले के टायरों में दोबारा आग भड़क गई और देखते ही देखते ट्राले का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया। गनीमत ये रही की आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
शुरूआती तौर पर मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। चालक ने फायर बिग्रेड के देरी से पहुंचने पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर आग पूरी तरह बुझ जाती तो नुक्सान कम हो सकता था। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।------