सागर- दो मासूम सगे भाई पानी से भरे गड्ढे में समाए, खेलते समय हुए गायब, पैर फिसलने की आशंका
सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र से दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां पानी से भरे हुए गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाईयों की जान चली गई। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी थी। बताया जा रहा है की नरयावली में निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के पास खेलते-खेलते दोनों बच्चे गड्ढे के पास पहुंच गए और पैर फिसलने से पानी में जा गिरे। जिससे दोनों की जान चली गयी। जब तक दोनों का पता चला तब तक काफी देर हो चुकी थी।
मिली जानकारी के मुताबिक बाबूलाल चढ़ार जो मजदूरी का काम करता है उसके दो बेटे शिव 4 साल और संभव 6 साल खेलते हुए निर्माण स्थल के पास पहुंच गए। तभी दोनों का पैर फिसलने की वजह से वह पानी से भरे गड्ढे में समा गए। जब काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं दिए तो उनकी तलाश की गयी। जहां बच्चों के पानी से भरे हुए गड्ढे में डूबने की बात सामने आई। सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों की डेड बॉडी को पानी से बाहर निकाला गया। साथ ही उन्हें अस्पताल भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिजनों को सौंपी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
बाबूलाल चढ़ार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है दोनों बच्चों के इस तरह से जाने से वह सदमे में है। परिजनों को जानकारी नहीं है की बच्चों के साथ आखिर हुआ क्या। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।-