Sagar- नेपाल की तर्ज पर सागर में भी पशुपतिनाथ मंदिर, सोमवार से शुरू हो रहे भव्य आयोजन |SAGAR TV NEWS
सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस दौरान शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ती है और शहर की स्टेट बैंक कॉलोनी स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। नेपाल और मंदसौर की तर्ज पर प्रसिद्ध इस मंदिर में स्थापित चतुर्मुखी शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां भक्त शिवलिंग के चारों ओर से सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करते हैं।
मंदिर का निर्माण करीब 30 वर्ष पहले स्थानीय निवासियों ने मिलकर कराया था। वर्ष 1997 में बसंत पंचमी के दिन यहां शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। शुरुआत में मंदिर में केवल भगवान शिव का गर्भगृह बनाया गया था, लेकिन समय के साथ परिसर का विस्तार किया गया और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं।
पं. शिव प्रसाद तिवारी के अनुसार, भगवान शिव के साथ माता पार्वती, मां दुर्गा और मां गायत्री की प्रतिमाएं भी गर्भगृह में स्थापित हैं। सावन में यहां विशेष पूजा-अर्चना होती है। मान्यता है कि इस पवित्र माह में भगवान शिव का जलाभिषेक और श्रद्धापूर्वक पूजन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हर साल की तरह इस साल भी 9 दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण का कार्यक्रम किया जाना है 17 अगस्त से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलेगा सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक रोजाना आयोजन होगा,
पशुपति नाथ के अलावा राधाकृष्ण मंदिर ,अन्नपूर्णा देवी,राममंदिर के साथ ही एक अन्य गर्भगृह में सिंहवाहिनी देवी की स्थापना की गई। मंदिर के सामने ही पार्क भी बना हुआ है। बड़ी संख्या में सुबह शाम श्रद्धालुओं आना जाना बना रहता है।