Sagar- अलमारी से निकले नोटों से भरे 4 बैग ! देर रात तक गिनी गई 3 करोड़ की रकम
सागर शहर के तिली क्षेत्र में रविवार को पुलिस की एक कार्रवाई ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब हथियारों की तलाश में पहुंची पुलिस को एक घर से नोटों से भरे चार बैग मिल गए। भारी मात्रा में नकदी देखकर पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। रकम इतनी ज्यादा थी कि नोटों की गिनती के लिए मौके पर इलेक्ट्रॉनिक करेंसी काउंटर मशीन बुलानी पड़ी। दोपहर बाद शुरू हुई कार्रवाई देर रात करीब 12 बजे तक चली।
दरअसल, गोपालगंज थाना पुलिस को सौरभ अहिरवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करने की शिकायत मिली थी। पुलिस को आशंका थी कि उसके घर में अवैध हथियार रखे हो सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम तिली स्थित उसके घर पहुंची और तलाशी शुरू की।
पुलिस ने लॉक अलमारी को पंचनामा बनाकर खुलवाया तो उसमें रखे बैग देखकर टीम हैरान रह गई। बैग खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली। शुरुआती गिनती में ही एक बैग से करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद बाकी तीन बैगों में रखे नोटों की भी गिनती की गई। कुल रकम करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
नकदी की बरामदगी के बाद पुलिस ने आयकर और राजस्व विभाग को सूचना दी। एसपी अनुराग सुजानिया समेत एएसपी नरेंद्र सोलंकी और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि नकदी की गिनती और बरामद रकम को लेकर पारदर्शिता बनी रहे।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर इतनी बड़ी रकम आई कहां से? परिवार की ओर से दावा किया गया है कि यह पैसा उनके भोपाल निवासी रिश्तेदार रमेश अहिरवार का है, जिसने करीब आठ महीने पहले रकम यहां रखी थी। वहीं पुलिस इस रकम के स्रोत और लेन-देन की जांच कर रही है। हवाला या अघोषित धन से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार परिवार के रहन-सहन में पिछले कुछ समय में बदलाव की जानकारी भी सामने आई है। सौरभ के हाल में करीब 40 लाख रुपए का प्लॉट खरीदने की बात भी बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने नकदी से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि बरामद करीब तीन करोड़ रुपए किसके हैं और इसका वास्तविक स्रोत क्या है।