Sagar -बाइक से जा रहे युवकों की तलाशी लेने पर मिला लाखों का गांजा, दो गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
सागर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने कुल करीब 3 लाख 60 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को थाना कैंट पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कैंट क्षेत्र के राठौर बंगला के पास घेराबंदी की।
पुलिस ने संदिग्धों को रोककर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 किलो 356 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945 भी पुलिस ने जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ अहिरवार, निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, तथा प्रिंस अहिरवार निवासी गौरझामर, जिला सागर के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
थाना कैंट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दो दिन पहले भी 2.22 किलोग्राम गांजा जब्त कर कार्रवाई की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा।