सागर- बारिश में भी नहीं थमा देशभक्ति का जज्बा, बीना-खुरई में शान से लहराया तिरंगा, समारोह में आया ऐसा पल
सागर जिले के बीना और खुरई में स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। बारिश के बावजूद शहर से लेकर गांवों तक जगह-जगह ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए। दोनों शहरों में पूरे दिन देशभक्ति का माहौल बना रहा। बीना के मुख्य समारोह में उस समय कुछ देर के लिए स्थिति असहज हो गई, जब ध्वजारोहण के दौरान डोरी खींचने के बावजूद तिरंगा ऊपर नहीं जा सका। काफी प्रयास के बाद भी जब समस्या दूर नहीं हुई तो एसडीएम रवीश श्रीवास्तव ने आगे आकर व्यवस्था संभाली और उनकी मदद से ध्वजारोहण संपन्न कराया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के दौरान भी एक स्थिति सामने आई। जनपद अध्यक्ष उषा राय को संदेश पढ़ने में परेशानी होने पर एसडीएम रवीश श्रीवास्तव ने संदेश का वाचन पूरा किया। मुख्य समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
उधर खुरई में भी स्वतंत्रता दिवस पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित हुए। न्यायालय, तहसील, नगर पालिका, पुलिस थानों, जवाहर नवोदय विद्यालय सहित सरकारी और निजी स्कूलों में ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा और कांग्रेस की ओर से भी प्रभात फेरियां निकाली गईं। कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। बारिश लगातार होती रही, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। छाता लेकर लोग कार्यक्रमों में शामिल हुए और राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया। बीना और खुरई में हुए आयोजन ने एक बार फिर यह दिखाया कि मौसम चाहे जैसा हो, तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति का जज्बा हर परिस्थिति में कायम रहता है।