sagar- नागपंचमी पर चौरसिया समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा, झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
नागपंचमी पर चौरसिया समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा सागर में नागपंचमी के अवसर पर चौरसिया समाज की ओर से धार्मिक और सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर में पुरव्याऊ वार्ड स्थित फूलादेवी मंदिर से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। बारिश के बीच भी समाज के लोगों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। शोभायात्रा में भगवान शिव-पार्वती, श्रीराधा-कृष्ण, श्रीसीता-राम, मां लक्ष्मी-सरस्वती और भारत माता की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बारिश के कारण झांकियों को पानी से बचाने के लिए समाज के लोगों ने छातों का सहारा लिया। इसके बावजूद यात्रा पूरे उत्साह और धार्मिक उमंग के साथ आगे बढ़ती रही। झांकियों के माध्यम से धर्म, शिक्षा, व्यापार और देशभक्ति का संदेश दिया गया। शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में श्रद्धालुओं ने धार्मिक झांकियों का स्वागत किया और भगवान के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा का समापन मां महलवार देवी मंदिर पहुंचकर हुआ। इसके बाद शाम को समाज की ओर से प्रतिभावान और मेधावी बच्चों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। चौरसिया समाज की इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ शिक्षा, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी देखने को मिला।