सागर- इंस्टाग्राम पर हथि यारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, तलवार-पिस्टल के साथ रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर रौब और धौंस जमाने के लिए हथियारों के साथ वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड करना एक युवक को भारी पड़ गया। सागर की मोतीनगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाने वालों में हड़कंप मच गया है। दरअसल, सागर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी निगरानी के दौरान मोतीनगर थाना पुलिस को एक युवक की ऐसी रील के बारे में जानकारी मिली, जिसमें वह हथियारों के साथ दिखाई दे रहा था।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वीडियो अपलोड किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू की। जांच के बाद युवक की पहचान संजय कुमार प्रजापति के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तलवार और पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर अपलोड किया था। वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी धौंस जमाने की कोशिश की गई थी।
मामले की जांच पूरी होने के बाद मोतीनगर पुलिस ने रविवार देर रात संजय कुमार प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना केवल रील या मनोरंजन तक सीमित मामला नहीं है। ऐसे वीडियो लोगों में भय या असुरक्षा का माहौल पैदा कर सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार नजर बनाए हुए है।पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रौब जमाने या लोगों में भय पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। यानी सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की रील के जरिए धौंस जमाने का शौक अब जेल की हवा भी खिला सकता है।