Sagar- मस्जिद चौराहे से राधा तिराहा तक हटाई गई सड़क किनारे की दुकानें, त्योहारी सीजन में एक्शन
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए सागर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर निगम अमले ने पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मस्जिद चौराहे से लेकर राधा तिराहा तक सड़क के दोनों ओर लगी राखी और रुमाल की दुकानों को हटाया। दरअसल, त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने से रास्ता संकरा हो जाता है और यातायात प्रभावित होने के साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और सड़क पर लगाई गई दुकानों को हटाया और व्यापारियों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी। कार्रवाई के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर भी जुर्माने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को परेशानी होती है। नगर निगम की टीम ने फुटपाथ व्यापारियों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि त्योहार के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें नहीं लगाई जाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा सड़क पर दुकानें या सामान पाया गया तो जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा बनाए रखने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खास तौर पर कटरा बाजार में मस्जिद के आसपास किसी भी तरह की अव्यवस्था और यातायात बाधित होने की स्थिति को रोकने के लिए निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी व्यापारी को परेशान करना नहीं, बल्कि त्योहार के दौरान बाजार में आने वाले लोगों को सुगम आवागमन और सुरक्षित खरीदारी की सुविधा उपलब्ध कराना है।