Sagar- नेहरू कॉलेज में छात्र सुविधाओं का मुद्दा गरमाया,13 मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग
सागर जिले के देवरी के शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुविधाओं और विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मोर्चा खोला है। एबीवीपी पदाधिकारियों ने प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपकर 13 प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शिक्षा, खेल, स्वच्छता, सुरक्षा, एनएसएस और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। एबीवीपी ने सबसे पहले बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के नए सिलेबस की सभी आवश्यक पुस्तकों को महाविद्यालय के पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराने की मांग की है। छात्राओं के लिए गर्ल्स कॉमन रूम और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
महाविद्यालय की गैलरी में टूटी टाइल्स को लेकर भी संगठन ने चिंता जताई। एबीवीपी का कहना है कि क्षतिग्रस्त टाइल्स के कारण विद्यार्थियों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। इसे तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई है। एनएसएस विद्यार्थियों के प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए कॉलेज ग्राउंड को व्यवस्थित करने और रनिंग ट्रैक बनाने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई। ज्ञापन में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, वाटर कूलर की नियमित सफाई और उसके रखरखाव के लिए समय-सारणी बनाने की मांग भी की गई है।
कॉलेज परिसर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी एबीवीपी ने सवाल उठाए। संगठन ने नियमित सफाई और वॉशरूम की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं का नियमित संचालन अनिवार्य करने की बात कही गई। कॉलेज के बाहर बाइक स्टैंड के पास छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था, बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा पिछले तीन वर्षों से लंबित एनएसएस कैंप आयोजित कराने, लंबित एनएसएस प्रमाण-पत्र विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने और बाहर से आने वाले अभिभावकों के लिए उचित सिटिंग एरिया बनाने की मांग की गई। एबीवीपी ने कहा कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर छात्रहित में लोकतांत्रिक और संवैधानिक माध्यमों से आगे की कार्रवाई की जाएगी।