Sagar - सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी, 19 साल का युवक गिरफ्तार
सागर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट कर दहशत फैलाने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर के चलते कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक के हथियारों के साथ फोटो-वीडियो सामने आए। पोस्ट के जरिए लोगों में भय पैदा करने की कोशिश की जा रही थी। जानकारी मिलते ही कैंट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पड़ताल में युवक की पहचान हर्ष पिता सीताराम राय, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिवाजी चौक के पास, थाना कैंट के रूप में हुई। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष को कजलीवन मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार और बटनदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।