हॉर्न बजाने पर हत्या ! आरोपियों का निकला जुलूस, पुलिस की लाठियां पड़ीं तो मांगने लगे माफी
शहर में मामूली बात पर ट्रैक्टर शोरूम संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की है। एमपी के उज्जैन जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र के दमदमा में सात आरोपियों द्वारा की गई वारदात के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस आरोपियों को घटना स्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनका पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों पर लाठियां बरसाईं। पुलिस की कार्रवाई देखकर मौके पर मौजूद लोग भी आक्रोश जताते नजर आए, जबकि आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखे। न्यायालय ने गिरफ्तार आरोपियों का दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है।
दरअसल, पूरी घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब दो बजे की है। मूल रूप से तराना निवासी 27 वर्षीय यश मित्तल आगर रोड मंडी में ट्रैक्टर शोरूम संचालित करते थे और परिवार के साथ ऋषिनगर एक्सटेंशन में रहते थे। रात में यश अपने दोस्तों अभय व्यास, मंगल और अन्य साथियों को कार से उनके फ्लैट पर छोड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान जिला पंचायत से दमदमा मोड़ की तरफ जाते समय सड़क पर सात-आठ युवक बाइक खड़ी कर खड़े थे। रास्ता नहीं मिलने पर यश ने हॉर्न बजाकर साइड में होने के लिए कहा। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और रास्ते से हटने से इनकार कर दिया। दोबारा हॉर्न बजाने पर विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने कार के कांच फोड़ दिए और यश व उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने यश को पकड़कर उसके पेट में चाकू मार दिया। घटना से घबराए उसके दोस्त किसी तरह वहां से भागकर माधवनगर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। दोस्तों ने बताया कि यश घटनास्थल पर फंस गया है और उसकी जान को खतरा है। पुलिस दोस्तों को लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे और यश भी नहीं मिला। करीब तीन घंटे तक पुलिस और उसके दोस्त यश की तलाश करते रहे।
सुबह करीब पांच बजे जिला पंचायत कार्यालय के बाहर एक फोटोकॉपी दुकान के पीछे यश लहूलुहान और अचेत अवस्था में मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सात आरोपियों को चिन्हित किया है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना स्थल पर पुलिस की सख्ती का वीडियो भी सामने आया है। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।