रक्षाबंधन पर ससुराल गया परिवार, 60 लाख की चोरी ! 27 तौला सोना, 4 किलो चांदी और 4 लाख कैश ले उड़े चोर
रक्षाबंधन का त्योहार मनाने परिवार के साथ ससुराल जाना एक ठेकेदार परिवार को भारी पड़ गया। एमपी के शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपए का माल पार कर दिया। चोर मकान के तीन कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे करीब 27 तौला सोने के जेवर, 4 किलो चांदी और 4 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। परिवार जब वापस लौटा तो घर के ताले टूटे और सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक दौलत सिंह होटल के पीछे रहने वाले ठेकेदार मातादीन अग्रवाल 28 अगस्त को अपनी पत्नी रश्मि अग्रवाल के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाने कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे। परिवार के घर से बाहर होने की जानकारी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में धावा बोल दिया। चोरों ने सबसे पहले घर के तीन कमरों के दरवाजों के ताले तोड़े। इसके बाद उस कमरे को निशाना बनाया, जहां अलमारी रखी हुई थी। अलमारी की चाबी भी चोरों के हाथ लग गई। इसके बाद चोरों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
परिवार के मुताबिक चोरी गए जेवरात करीब 27 तौला सोने और 4 किलो चांदी के हैं। बताया गया है कि यह जेवर पुश्तैनी थे। वहीं 4 लाख रुपए नकद मकान की दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के खर्च के लिए रखे गए थे। रविवार रात जब मातादीन अग्रवाल और उनकी पत्नी घर वापस लौटे तो मकान के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो कमरों और सामान की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
करीब 60 लाख रुपए की बड़ी चोरी की जानकारी मिलते ही फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले मकान की रेकी की होगी। संभव है कि उन्हें परिवार के बाहर जाने की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर सूने मकान में चोरी की गई। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है। वहीं इतनी बड़ी चोरी के बाद इलाके में भी हड़कंप का माहौल है। अब पुलिस के सामने चुनौती चोरों तक पहुंचने के साथ-साथ चोरी हुए लाखों के जेवर और नकदी बरामद करने की है।