सागर संभाग के पन्ना-गुनौर रोड पर स्टीयरिंग फेल, खेत में पलटी बस ! 30 से ज्यादा यात्री थे सवार
सागर संभाग के पन्ना-गुनौर मार्ग पर शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पड़ेरी और ककरहटा गांव के बीच पांडेय बस सर्विस की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के समय बस में महिलाओं और बच्चों समेत 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस तेज रफ्तार में पन्ना से गुनौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पड़ेरी और ककरहटा गांव के बीच अचानक बस का स्टीयरिंग फेल हो गया। चालक बस को संभाल नहीं सका और देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।
बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव की कोशिश शुरू की। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुनौर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे में गुनौर निवासी एक ही परिवार के चार लोग भी घायल हुए हैं। इनमें मीरा बर्मन उम्र 36 वर्ष, स्नेहा बर्मन उम्र 11 वर्ष, ध्रुव बर्मन उम्र 17 वर्ष और शिवा बर्मन उम्र 15 वर्ष शामिल हैं।
इसके अलावा भूरी बाई वर्मा उम्र 55 वर्ष, निवासी पन्ना और अनीता वर्मा उम्र 29 वर्ष, निवासी पड़ेरी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। गनीमत रही कि अनियंत्रित बस सड़क किनारे किसी गहरी खाई में नहीं गिरी, बल्कि खेत में जाकर पलटी। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और बस में सवार अन्य यात्रियों की जान बच गई।
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्राथमिक वजह स्टीयरिंग फेल होना बताई जा रही है। पुलिस बस की तकनीकी स्थिति, चालक की भूमिका और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। 30 से ज्यादा यात्रियों से भरी बस का इस तरह खेत में पलटना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता घायलों का उपचार और हादसे की पूरी जांच करना है।