शहर में कानून व्यवस्था ध्वस्त, लगातार बढ़ रही वार दातें, अंकुश न लगने पर कांग्रेस ने प्रशासन को दी चेतावनी !
शहर में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। लगातार वारदातें बढ़ रही हैं लोगों का कानून का भय दिखाई नहीं दे रहा है। इस तरह के आरोप लगाकर कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया और कंट्रोल रूम का घेराव कर दिया। साथ ही जमकर नारेबाजी की गयी। मामला उज्जैन जिले का है। दरअसल शहर में बढ़ती मर्डर की वारदातों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। अपराधियों के बढ़ते हौसलों और लगातार हो रही वारदातों के विरोध में जिला युवक कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस कंट्रोल रूम का घेराव कर जमकर नारेबाजी करते हुए एसपी के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
बताया गया की पिछले एक महीने के अंदर शहर में पांच मर्डर और चाकूबाजी की कई गंभीर वारदातों ने आम जनता की नींद उड़ा दी है। इन खौफनाक घटनाओं के चलते पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए युवक कांग्रेस ने मोर्चा खोला और कार्यकर्ता लामबंद होकर पैदल जुलूस के रूप में पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। उग्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिसके बाद एडिशनल एसपी गुरुशरण पाराशर को एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा की अगर आगामी 15 दिनों के अंदर शहर में हो रहे अपराधों और अपराधियों पर कड़ा शिकंजा नहीं कसा गया। तो युवक कांग्रेस उग्र आंदोलन करते हुए शहर बंद कराने के लिए बाध्य होगी। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कई लोगों की मौजूदगी रही।