Sagar- मंदिर में चोरी का खुलासा, 5 लाख के माता के जेवर बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के खुरई के खिमलासा में नारायणी माता मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंदिर से करीब 4 लाख 90 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पुराने लूट के मामले में भी फरार चल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर पहुंच गए और दोनों आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग करने लगे।
मामला इतना बढ़ा कि ग्रामीणों ने सड़क पर जाम तक लगा दिया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। दरअसल, खिमलासा स्थित प्रसिद्ध नारायणी माता मंदिर में 21 और 22 जुलाई 2026 की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट और गर्भगृह के ताले काट दिए और माता की प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
मंदिर में हुई चोरी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को दो आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऊधम उर्फ उदम सिंह यादव, निवासी ललितपुर और राजा यादव, निवासी खिमलासा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल ऊधम खिमलासा थाने के एक पुराने लूट के मामले में भी फरार चल रहा था। ऐसे में पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही ग्रामीण थाने के बाहर जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग की और कुछ देर तक सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।