Sagar - लापता युवक सामने था, फिर भी पत्नी और पिता नहीं पहचान पाए… हाथ के टैटू ने खोला राज
सागर के गढ़ाकोटा में सुनार नदी में मिले एक अज्ञात युवक की डेड बॉडी की पहचान को लेकर करीब पांच घंटे तक पुलिस भी असमंजस में रही। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस युवक के लापता होने की गुमशुदगी दो दिन पहले दर्ज हुई थी, उसकी डेड बॉडी को देखकर पिता और पत्नी ने भी पहचान करने से इनकार कर दिया। आखिरकार हाथ पर बने दो खास टैटू ने मृतक की पहचान का राज खोल दिया।
मामला गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के मगरधा गांव के पास सुनार नदी का है। सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे पुलिस को नदी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस को दो दिन पहले दर्ज हुई एक गुमशुदगी की जानकारी मिली। आशंका के आधार पर पुलिस ने लापता युवक के परिजनों को सूचना दी। सुबह करीब 11.30 बजे पिता और पत्नी थाने पहुंचे। उन्होंने शव देखा, लेकिन उसकी पहचान करने से इनकार कर दिया। इससे पुलिस के सामने भी सवाल खड़ा हो गया कि आखिर नदी में मिला शव किसका है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी के मुताबिक, करीब पांच घंटे तक पहचान को लेकर असमंजस बना रहा। शाम करीब 4.30 बजे मृतक की मां और उसके दोस्तों को शव दिखाया गया। इसी दौरान दोस्तों ने उसके हाथ पर बने बिच्छू के टैटू और दूसरे हाथ पर बने आरी के निशान को देखा तो तुरंत पहचान लिया।
दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ये दोनों टैटू उन्होंने मृतक के साथ ही बनवाए थे। इसके बाद मृतक की पहचान अशोक उर्फ अस्सु पुत्र हरिराम पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी तिलक वार्ड गढ़ाकोटा के रूप में हुई। अशोक मजदूरी करता था और पिछले दो दिनों से लापता था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।