काश अपने दोस्तों की बात मान लेता युवक, तो शायद बच जाता, बांध के गहरे पानी में गया और समा गया
दोस्तों के साथ घूमने से दिल्ली से आये युवक के साथ बड़ी अनहोनी हो गयी। बांध में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। जहां डूब जाने से उसकी जान चली गयी। घटना के बाद सनसनी फ़ैल गयी। हैरानी की बात ये है की तीनों में से किसी को भी तैरना नहीं आता था। युवक को बचाने तकरीबन पांच घंटे तक रेस्क्यू चलाया गया। स्थानीय गोताखोरों ने युवक की बॉडी को पानी से बाहर निकाला। दुखद घटना एमपी-यूपी बॉर्डर के लहचूरा बांध से सामने आई है। ये जगह छतरपुर जिले की सीमा से लगी हुई है। मृतक का नाम राहुल है जो अपने दोस्तों धनंजय और रोहित के साथ यहां आया हुआ था।
बताया जा रहा है की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर धसान नदी पर स्थित लहचूरा बांध में दिल्ली से तीन युवक घूमने पहुंचे थे। तीनों दोस्त नहाने के दौरान पानी में उतर गए। तभी एक युवक का अचानक संतुलन बिगड़ गया। जिससे वह पानी के गहरे हिस्से में चला गया। उसे डूबता देख दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया। लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के चलते वे सफल नहीं हुए। इसके बाद युवकों ने शोर मचाना शुरू किया।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के महोबकंठ थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवक को तलाश करने रेस्क्यू शुरू किया गया। लेकिन बांध की गहराई और बहाव तेज होने से टीम को मशक्कत करनी पड़ी। गोताखोरों ने अलग-अलग स्थानों पर उसकी खोजबीन की। करीब पांच घंटे की मशककत के बाद युवक की डेड बॉडी बरामद की जा सकी।
मृतक राहुल के दोस्त ने बताया की नहाते समय ये घटना हुई। तीनों में से किसी को तैरना नहीं आता था। वह और उसका एक साथी पानी से बाहर आ गए थे राहुल को भी बुलाया था लेकिन वह समय पर नहीं आया और पानी में डूब गया। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेते हुए पंचनामा कार्यवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।------